हरिद्वार। बुधवार की देर रात हाईवे किनारे खड़े ट्रक में घुसी कार में सवार कुल चार लोगों की जान चली गई थी। इनमें एक घायल का इलाज हायर सेंटर में चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एआरटीओ प्रशासन ने शुक्रवार को पूरे दिन अभियान चलाया। कोहरे के बीच में जारी धुंध के चलते हाईवे किनारे कई वाहनों को चेतावनी देकर हटाया गया वहीं रिफ्लेक्टर लगाकर बड़े वाहनों के चालकों को नियम का अनुपालन करने के लिए कहा गया।
एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि ठंड के दिनों में वाहन में फॉग लाइट लगाने के बावजूद अपनी गति को नियंत्रित रखना होगा। उन्होंने कहा कि जान जोखिम में डालने से बेहतर है कि चालक नियमों का पालन करें। एआरटीओ प्रशासन पूरी टीम के साथ रिफ्लेक्टर लगाने का काम कर रही है।
एआरटीओ प्रशासन ने कहा कि कोहरे की धुंध में यदि कोई नशे की हालत में वाहन चलाते मिलेगा तो निश्चित तौर पर उसे सख्त कार्रवाई का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि टीम को भी आगाह किया गया है कि वह वाहन चालकों को नियम और कायदे बताकर रिफलेक्टर लगावें। टीम ने शुक्रवार के अभियान के दौरान कुल 350 वाहनों पर अलग-अलग जगह रिफ्लेक्टर लगाए और इनमें करीब 25 वाहनों के विरुद्ध शमनीय कार्रवाई भी की।