- हरिद्वार क्षेत्र का मामला, ठेकेदार को ब्लैकमेल करने का आरोप
हरिद्वार। सरकारी निर्माण कार्य करने वाले एक ठेकेदार को ब्लैकमेल कर रकम मांगने के मामले में एक व्यापारी नेता पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दावा है कि पैसे की डिमांड करते हुए ऑडियो ठेकेदार के पास है और मामला पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए व्यापारी नेता से पूछताछ की तैयारी शुरू कर दी है। चार पहले भी उसे कोतवाली पूछताछ के लिए बुलाया गया था। शहर में एक विभाग की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ये कार्य एक प्राइवेट ठेकेदार को दिया गया है। बताया गया कि निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए एक व्यापारी नेता ने अधिकारियों से शिकायतें करनी शुरू कर दी थी। अधिकारियों ने इसका संज्ञान मौका मुआयना किया और जांच भी कराई लेकिन ऐसा कुछ सामने नहीं आया। बताया गया कि व्यापारी नेता ठेकेदार को फोन किया और रकम की मांग कर डाली। इस पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली गई। ठेकेदार ने व्यापारी नेता के खिलाफ पुलिस को तहरीर भी दे दी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो व्यापारी पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया गया है। उसे पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया था और जल्द ही कानूनी कार्रवाई होगी। फिलहाल जांच जारी है।