लालढांग। लालढांग-चिल्लरखाल-कोटद्वार वन मोटर मार्ग पर मंगलवार से बसों का संचालन शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।
पिछले दिनों तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से अस्थायी सड़क बह गई थी, जिससे यह मार्ग पांच दिनों तक बंद रहा। मार्ग बंद होने से लालढांग क्षेत्र के लोगों को कोटद्वार और हरिद्वार आने-जाने में भारी परेशानी हुई। उन्हें नजीबाबाद के रास्ते लंबा सफर तय करना पड़ रहा था, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए थे। मंगलवार को मार्ग सुचारु होते ही बसों का संचालन शुरू कर दिया गया। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली और लालढांग बाजार में भी चहल-पहल लौट आई। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग को जीवनरेखा बताया, जिसके चालू होने से दैनिक गतिविधियां सामान्य हो गई हैं।