उत्तराखंड परिवहन निगम ने शिमला और चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। इन राज्यों की बसें भी हरिद्वार आने लगी हैं। कोविड कर्फ्यू के दौरान प्रदेश की सीमा के बाहर बसों का संचालन बंद कर दिया गया था।
मालूम हो कि कोरोना की दूसरी लहर आने के बाद उत्तराखंड सरकार ने कोविड कर्फ्यू लगा दिया था। इस दौरान बाहरी प्रदेशों के लिए बसों का संचालन बंद हो गया था। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी, राजस्थान, हिमाचल समेत सभी प्रदेशों से आने वाली बसों को प्रदेश के बॉर्डर पर ही रोका जा रहा था।
वहीं उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों को भी उत्तराखंड बॉर्डर तक ही भेजा जा रहा था। अब संक्रमण का ग्राफ कम होने के बाद बसों का संचालन धीरे-धीरे शुरू कर दिया गया है। हरिद्वार डिपों की अंतरराज्यीय सेवा का संचालन शुरू किया जाने लगा है। रोडवेज की बसों का संचालन होने से अब यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। हरिद्वार डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि शिमला और चंडीगढ़ के लिए फिलहाल तीन-तीन बसें शुरू कर दी गई हैं। हालांकि अभी उत्तरप्रदेश व अन्य राज्यों के लिए बसों के संचालन का आदेश मुख्यालय से नहीं मिला है। जैसे ही आदेश मिलेगा बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।