गंगा की अविरलता और प्रदूषण मुक्त करने के लिए कई बार आंदोलन कर चुके स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद (उर्फ प्रो. जीडी अग्रवाल) ने कहा कि वह सिस्टम से अब हार गए हैं।
व्यवस्था से अकेले लड़ना अब उनके बस की बात नहीं है। ब्यूरोक्रेट और नेता मिलकर देश को बर्बाद करने में जुटे हुए हैं।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद वृंदावन से स्वामी शिवानंद सरस्वती के आश्रम मातृसदन पहुंचे। यहां वह पत्रकारों से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने कहा अकेला आदमी व्यवस्था नहीं बदल सकता।
किसी भी कार्य को पूरा करने के लिए समर्थन और सहयोग जरूरी होता है। लेकिन, गंगा की अविरलता के लिए कई बार चले उनके अनशन को किसी ने समर्थन नहीं दिया।
वर्तमान सिस्टम से वह बेहद आहत नजर आए। कहा कि अब वह सिस्टम से लड़ते-लड़ते हार गए हैं। लेकिन यहां कुछ होने वाला नहीं है। मातृसदन में करीब दो घंटे रुकने के बाद वह प्रसाद ग्रहण कर दोपहर दो बजे निकल गए।
मातृसदन के सहयोगी स्वामी दयानंद ने बताया कि स्वामी सानंद रिक्शे से अकेले आश्रम पहुंचे थे। लेकिन, इस दौरान उन्होंने किसी से ज्यादा बात नहीं की। बताया कि उन्हें हरनिया की शिकायत है। मुजफ्फरनगर में ऑपरेशन के लिए वह डाक्टर की सलाह लेने गए हैं।