शिवलोक कॉलोनी में शुक्रवार देर रात दुकान बंद कर घर लौट रहे एक सराफा कारोबारी को लूट लिया गया। विरोध करने पर चाकू मारकर घायल कर दिया। तीन नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी से करीब 100 ग्राम चांदी, मोबाइल फोन और दुकान की चाबी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। पीड़ित की सूचना और पुलिस के अनुसार यह घटना देर रात की है। बता दें कि कनखल क्षेत्र में सराफा की दुकान चलाने वाले प्रदीप कुमार शिवलोक कॉलोनी के निवासी हैं। वह देर रात अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। शिवलोक कॉलोनी पहुंचते ही पीछे से बाइक पर आए तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने प्रदीप कुमार के हाथ से थैला छीन लिया। थैले में मोबाइल फोन, दुकान की चाबी और लगभग 100 ग्राम चांदी थी। इस घटना का जब कारोबारी ने विरोध किया, तो बदमाशों ने चाकू निकाल लिया। बताया गया है कि चाकू लगने से कारोबारी घायल भी हो गए। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। वारदात के बाद प्रदीप कुमार ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी और रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।