- प्रेमनगर आश्रम में आयोजित एक्सपो में आज उत्पादों पर मिलेगी 20 फीसदी तक छूट
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। प्रेमनगर आश्रम में आयोजित चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो के दूसरे दिन शनिवार को छात्रों और युवाओं की भीड़ उमड़ी। विभिन्न शिक्षण संस्थानों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने एक्सपो में लगे स्टॉलों का भ्रमण कर कृषि, बागवानी, जैविक उत्पादों, स्टार्टअप और एमएसएमई क्षेत्र से जुड़ी जानकारी हासिल की। तेलंगाना के फल-फूल से तैयार उत्पाद और सिक्किम के ऑर्गेनिक उत्पादों से बने शरबत समेत विभिन्न राज्यों के कृषि उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे।
वाइब्रेंट उत्तराखंड के जरिये भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित एक्सपो में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। शनिवार को रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने भी एक्सपो का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर कृषि एवं बागवानी से जुड़े उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों, किसानों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें बड़े मंच से जोड़ने का काम करते हैं।
आयोजक भारत बालियान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। एक्सपो का उद्देश्य देशभर के उद्यमियों, किसानों, उत्पादकों और खरीदारों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने बताया कि रविवार को एक्सपो में स्टॉल धारकों की ओर से लोगों को उत्पादों पर 20 फीसदी तक की छूट दी जाएगी।