- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, लोहे की रॉड और हॉकी से पीटने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में दोस्त के साथ घर लौट रहे युवक पर लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और हॉकी से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई और कंधे की हड्डी टूट गई। उसके दोस्त की कमर में भी चोटें आई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बड़ी आन्नेकी निवासी दिनेश उर्फ रौनक ने पुलिस को बताया कि 16 अक्तूबर की रात करीब 11:39 बजे वह अपने दोस्त सावन के साथ विवेक के घर से लौट रहा था। आरोप है कि शिव कुमार उर्फ ढग्गा की दुकान के पास पहुंचते ही छोटी आन्नेकी निवासी कार्तिक, आर्यन, नितिन, अक्षय और विनय ने उन्हें घेर लिया और लोहे की रॉड, लाठी-डंडों, सरियों व हॉकी से हमला कर दिया।
हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके चलते करीब 12 टांके लगे। उसके कंधे की हड्डी भी टूट गई, जबकि दोस्त सावन की कमर में चोटें आईं। शोर सुनकर परिजनों और आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजन घायल को अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसे देहरादून रेफर कर दिया था। सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।