हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर अपनी बहन से मिलने के लिए उसकी ससुराल जा रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कैमरें खंगालते हुए वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात नौ बजे की है। सलामत खान (35) पुत्र इशाक खान निवासी मोहल्ला घोसियान ज्वालापुर मोटरसाइकिल पर अपनी बहन से मिलने के लिए इब्राहिमपुर गांव जा रहा था। हरिलोक तिराहे पर हाईवे क्रॉस करते समय बहादराबाद की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और सलामत की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मोर्चरी में भिजवाया।
रात में ही कुछ लोगों ने कोतवाली पहुंचकर चालक को पकड़ने की भी मांग की। बताया कि मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मौके पर ही कार की नंबर प्लेट गिर गई थी। दिल्ली नंबर की कार ने टक्कर मारी थी। जल्द ही चालक को पकड़ लिया जाएगा।