बहन और भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक भैयादूज का त्यौहार मंगलवार को पंचपुरी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सवेरे से शाम तक हजारों बहनों ने भाइयों के मस्तक पर मंगल तिलक कर समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान किया। भाई अपनी बहनों से दक्षिणा और उपहार देकर गले मिले। बाजारों में भी काफी भीड़ लगी रही।
सुबह से ही हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में भैया दूज की रौनक दिखने लगी थी। बाजारों में बहनों के लिए मिठाइयां और उपहार खरीदने के लिए दुकानों पर लोगों की लंबी लाइन देखी गई। वहीं साथ ही बहनों के घर भैयादूज लेकर जाने का सिलसिला भी चलता रहा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही देहात में भी त्यौहार की रौनक बनी रही। बच्चों में इस त्यौहार को लेकर सबसे ज्यादा उल्लास था। बहनों ने भाईयों को तिलक लगाकर उनकी सुख समृद्घि और प्रगति की कामना की तो भाइयों ने भी बहनों को हमेशा उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। त्यौहारों के कारण पिछले तीन दिनों से सिडकुल क्षेत्र की फैक्ट्रियों में छाया सन्नाटा मंगलवार को भी बना रहा।
वहीं रानीपुर मोड़ और भेल आदि के बाजारों में सायंकाल भाई अपनी बहनों और परिवारों को लेकर बाजारों में निकले। होटल और रेस्तरां में भी भीड़ लगी रही। बहादराबाद, पथरी, लालढांग और रोशनाबाद आदि क्षेत्रों में भी भैया दूज की रौनक दिनभर बनी रही।