- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर की घटना, जांच में जुटी पुलिस
- कारोबारी की मौत के बाद परिवार मूल गांव में गया हुआ था
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर बाईपास स्थित एक कारोबारी के बंद पड़े घर में चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के लोग कटारपुर गांव गए हुए थे। सुबह मकान के ताले टूटे देखकर मोहल्ले के लोगों को चोरी की जानकारी मिली। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सीतापुर बाईपास पर स्थित हार्डवेयर कारोबारी दिवंगत अंकित चौहान के मकान में शुक्रवार की रात के समय चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
सुबह मोहल्ले के लोगों ने मकान के ताले टूटे देखे तो परिवार और पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलने पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
स्थानीय निवासी भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी ने बताया कि अंकित चौहान मूल रूप से कटारपुर गांव के रहने वाले थे। 10 दिन पहले उनका निधन हो गया था। इसके बाद उनके दो बेटे, पत्नी घर पर ताला लगाकर कटारपुर गांव गए हुए थे। वहीं, पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में दो संदिग्ध कैद हुए हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर दी है। सीओ संजय चौहान ने बताया कि टीमें जांच में जुटी हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-
तो बंद मकान की रेकी के बाद की वारदात
चोरी की वारदात का तरीका देखकर स्पष्ट हो रहा है कि आरोपियों ने घटना से पहले रेकी की है। परिवार के मुखिया की मौत के बाद सभी सदस्य तेरहवीं तक मूल गांव में ही अंतिम क्रिया के लिए गए हुए थे। ऐसे में घर पर ताला लगा हुआ था। ऐसे में चोरों ने पहले बंद घर की रेकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया।