बस अड्डे पर लगी यात्रियों की भीड़ ।
- फोटो : HARIDWAR
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है और लापरवाही बढ़ती जा रही है। बसों, ऑटो, ई-रिक्शा व डग्गामार वाहनों में यात्री बिना मास्क व शारीरिक दूरी का पालन किए बिना ही यात्रा कर रहे हैं।
कोरोनाकाल में संक्रमण को देखते हुए अंतरराज्यीय बसों का संचालन बंद किया हुआ है। उत्तराखंड रोडवेज की बसें चिड़ियापुर, गुरुकुल नारसन, काली नदी बॉर्डर, मंडावर बॉर्डर तक जा रही है। इसके बाद दूसरे प्रदेशों से लेकर आने वाले यात्रियों को वहां से लेकर धर्मनगरी पहुंच रही हैं। इस दौरान बसों को सैनिटाइज नहीं किया जा रहा है। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
इतना ही नहीं बसों में सफर करने वाले यात्री बस चलने के बाद मास्क हटा देते हैं। किसी यात्री का मास्क ठुड्डी के नीचे आ रहा है तो कोई नाक से नीचे लगाकर बैठा हुआ है। वहीं यात्रियों से जब मास्क उतारने का कारण पूछा गया तो उनका कहना है गर्मी के चलते मास्क पहना मुश्किल हो रहा है। वहीं ऑटो में भी सवारियों को ठसाठस भरकर ले जा रहे हैं। इसके साथ ही चंडी चौक से चलने वाली डग्गामार टैक्सी का भी यही हाल है।
----
बसों को लगातार सैनिटाइज कराया जा रहा है। चालकों-परिचालकों को मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही यात्रियों को भी मास्क लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
प्रतीक जैन, एआरएम, हरिद्वार डिपो