वैसे तो धर्मनगरी हरिद्वार में पूरे साल श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। कोई गंगा स्नान करने तो कोई कर्मकांड और मंदिरों के दर्शन करने पहुंचता है। हरिद्वार की अर्थव्यवस्था श्रद्धालुओं पर ही निर्भर है। कांवड़ मेला शुरू होने के बाद से हरिद्वार में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। बाजारों से जमकर खरीदारी हो रही है। भगवान भोलेनाथ, पार्वती और श्रीगणेश की पीतल की मूर्तियों के अलावा त्रिशूल, पेंचदार लोटे, घुंघरू और घंटी की रिकार्ड बिक्री है। पीतल की मूर्तियां और अन्य आइटमों मुरादाबाद से आ रहे हैं। कांवड़ में मुरादाबाद के व्यापारी धर्मनगरी के आर्डर की सप्लाई पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
श्रद्धालुओं से हरकी पैड़ी पूरे साल पैक रहती है। गंगा स्नान करने के बाद श्रद्धालु खरीदारी करने अपर रोड पहुंचते हैं। कांवड़ में अपर रोड बाजार में दिन-रात श्रद्धालुओं की चहल-पहल है। हर कोई भोले की भक्ति में डूबा है। दुकानें ग्राहकों के लिए सजी हैं। मुरादाबाद पीतलनगरी के पीतल के उत्पादों की हर दुकान चमक रही है। फड़ और ठेलियां भी पीतल के आइटमों से सजी हैं। पीतल के पेंचदार लोटा, साधारण लोटा, मूर्ति और घुंघरू की रिकार्ड बिक्री हो रही है।
अपर रोड स्थित व्यापारी अतुल राजपूत बताते हैं पेंचदार लोटा 80 रुपये से 800 रुपये तक है। कांवड़िए इसमें जल लेकर जाते हैं। हर दूसरा कांवड़िया पैरों में घुंघरू बांधकर गंतव्य की ओर बढ़ रहा है। घुंघरू भोलेनाथ के श्रृंगार का आभूषण है। घुंघरू की कीमत भी 80 रुपये से 400 रुपये जोड़ा है।
अपर रोड स्थित दुकानदार ममता देवी बताती हैं, कांवड़ मेले में पीतल की मूर्तियों की खूब बिक्री है। पीतल 800 रुपये से 1200 रुपये किलो तक है। त्रिशूल भी 200 रुपये से 1000 रुपये तक है। घंटियां भी वजन के हिसाब से बिक रही हैं। वाहनों के डेस बोर्ड के लिए पीतल के छोटे शिवलिंग, मूर्ति की भी अच्छी मांग है। दुकानदार सोहन कुमार बताते हैं, कांवड़ में उम्मीद से ज्यादा अच्छा कारोबार हुआ है।
स्टील कलश की सर्वाधिक बिक्री
कांवड़ जल ले जाने के लिए स्टील के कलश की सर्वाधिक मांग है। हर शिवभक्त गंगा स्नान के बाद कांवड़ जल लेकर जाने के लिए स्टील की कलश खरीद रहे हैं। कलश जोड़े में खरीदा जा रहा है, ताकि उसे कंधे में कांवड़ के साथ आसानी से ले जाया सके। स्टील के कलश भी मुरादाबाद से बनकर आते हैं। इनकी कीमत साइज और गेज पर निर्भर है। चार सौ रुपये से 800 रुपये तक कलश जोड़ा बिक रहा है।
रुद्राक्ष की मालाएं और डमरू की
कांवड़िए हरिद्वार के बाजारों से कांवड़ एवं अन्य सामग्री खरीदने के बाद रुद्राक्ष की मालाएं और डमरू खरीद रहे हैं। व्यापारी रुद्राक्ष के दानों को थोक में मंगवाते हैं और यहां मालाएं बनाकर बेचते हैं। माला और रुद्राक्ष की क्वालिटी के हिसाब से माला बिकती है। जबकि डमरू की मरेठ और सहारनपुर से सप्लाई होती है। डमरू भी 50 रुपये से 1000 रुपये तक बिक रहे हैं।