सिडकुल थाना क्षेत्र में विवाहित महिला पर सरिये से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया। महिला ऋषिकेश एम्स में भर्ती है और हालत गंभीर बनी हुई है। महिला और आरोपी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के एक ही गांव के निवासी हैं। दोनों के बीच करीब 10 साल से प्रेम प्रसंग था।
पुलिस के मुताबिक, रेनू मिश्रा (36) ग्राम रौतापुर कला खुटार जिला शाहजहांपुर सिडकुल की एक फैक्टरी में नौकरी करती है। जबकि हेतमपुर में परिवार के साथ किराये पर रहती है। इसी मकान के दूसरे कमरे में मृदुल बाजपेयी निवासी ग्राम रौतापुर कलां थाना खुटार जिला शाहजहांपुर भी रहता है। शनिवार की रात मृदुल ने रेनू के कमरे में आकर उसके सिर पर सरिये से कई वार कर जानलेवा हमला कर दिया था।
सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर रेनू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिजवाया। जहां से गंभीर हालत को देखते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया था। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ समय से रेनू ने उससे बात करनी बंद दी थी। वह उसे अपनी ही साथ कंपनी में नौकरी करवाना चाहता था। आरोपी ने प्रेम प्रसंग के चलते अभी तक शादी भी नहीं की है। सिडकुल थाना प्रभारी प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि आरोपी मृदुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।