रोहतक, हरियाणा के ध्यानार्थ...
हरिद्वार। हरकी पैड़ी के समीप गंगा में दो दिन पहले मिले शव की पहचान हो गई है। मृतक की शिनाख्त रोहतक, हरियाणा निवासी अमित मनचंदा (46) पुत्र इंद्र कुमार मनचंदा के रूप में हुई है। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के मुताबिक, अमित मनचंदा के गंगा में डूबने की आशंका जताई जा रही है। दो दिन पहले हरकी पैड़ी के पास गंगा में फंसा हुआ एक शव बरामद हुआ था। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू किए थे। बाद में परिजनों की ओर से पहचान किए जाने के बाद मृतक का नाम और पता सामने आया। आशंका है कि अमित किसी अन्य घाट पर गंगा में डूबे होंगे। पानी के तेज बहाव में बहकर शव हरकी पैड़ी के समीप पहुंच गया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। संवाद