हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को व्हाट्सएप पर अश्लील और अभद्र संदेश भेजने के साथ ही निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायत में शिकायतकर्ता युवक ने आरोप लगाया कि हरिद्वार निवासी युवती को एक लड़का लगातार अभद्र भाषा में संदेश भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। युवक के पास युवती के निजी फोटो और वीडियो हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह उसे ब्लैकमेल कर रहा है। उसने व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात भी कही।
विवेचक को व्हाट्सएप चैट और उपलब्ध स्क्रीनशॉट की जांच में प्रथम दृष्टया आरोपी की ओर से युवती को यौन प्रकृति की आपत्तिजनक टिप्पणी करने और अभद्र संदेश भेजकर परेशान करने के साक्ष्य मिले हैं। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।