भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के जगजीतपुर में जवाब दो, हिसाब दो पदयात्रा निकाली। इस दौरान भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया।
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश में सबसे ज्यादा राजस्व देने वाली रानीपुर विधानसभा में विकास कार्य अवरुद्ध कर लोकसभा चुनाव में हार का बदला लिया है। जनता आने वाले चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाएगी। प्रदेश उपाध्यक्ष मयंक गुप्ता ने कहा कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए भाजपा सरकार ने उत्तराखंड का निर्माण कराया था। लेकिन जब भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही है, तभी भ्रष्टाचार बढ़ा है और विकास ठप हुआ है। आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हरीश रावत सिर्फ अपने परिवार को स्थापित करने में लगे हैं। विधानसभा संयोजक ब्रिजेश शर्मा ने कहा कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस मुक्त उत्तराखंड का निर्माण होगा। पदयात्रा में मीडिया प्रभारी अतुल वशिष्ठ, वीरेन्द्र बोरी, विवेक कश्यप, चमन चौहान, विजय राघव, अतुल, आलोक, अजीत वालिया, तुषार, लव शर्मा, राव जमीर, राकेश, उपेन्द्र शर्मा, बबलू, अमित, बिंदरपाल, राजीव, वरुण वशिष्ठ, मनु रावत, अनुराग जोनी आदि शामिल रहे।