हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के नशे की हालत में सड़क किनारे पड़े होने का फायदा उठाकर उसकी बाइक, मोबाइल और नकदी चोरी कर ली गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में शुभम कुमार ने बताया कि उसने बाइक अपने भांजे से खरीदी थी। चार मार्च की शाम करीब चार बजे वह ज्वालापुर में ऊंचा पुल के पास नशे की हालत में पड़ा हुआ था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसकी बाइक, मोबाइल और जेब में रखे करीब 2500 रुपये चोरी कर लिए। होश आने पर उसे घटना का पता चला, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दे दी थी। अब मामले में लिखित तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।