कांवड़ मेला में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात होने के बाद भी बाइक सवार बदमाश महिला के गले से चेन लूटकर ले गए। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
कनखल थाना क्षेत्र की शिवपुरी कालोनी निवासी 72 वर्षीय सर्वेश्वरी पुरोहित देर शाम जब अपनी गली में टहल रही थीं तो उसी दौरान दो युवक बाइक पर सवार होकर आए। उनके गले में पहनी चेन लूट ली। बदमाशों के द्वारा चेन खिंचने के दौरान बुजुर्ग महिला सड़क पर गिर गई। सड़क पर गिरने से उसके कूल्हे में फैक्चर भी हो गया। सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार होकर आए दो युवक महिला के गले से चेन लूटते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं बुजुर्ग महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कार्यवाहक थाना प्रभारी अभिनव शर्मा ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।