हरिद्वार। देर रात हिल बाईपास मार्ग पर पुल से टकरा कर मोटरसाइकिल नीचे गिर गई। दुर्घटना में बाइक सवार होटल कर्मी की मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात की है।
मूल रुप से सीतापुर के गांव सरना का रहना वाला सत्यम पांडेय (24) पुत्र रामनाथ पांडेय भूपतवाला स्थित एक होटल में कार्यरत था। अंसल धाम अपार्टमेंट में रहने वाला होटलकर्मी बुधवार देर रात हिल बाईपास मार्ग पर चला गया। चौकी प्रभारी विजेंद्र कुमांई ने बताया कि अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल पुल से जा टकराई और मोटरसाइकिल सवार सीधे नीचे जा गिरा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चौकी प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा गया। मृतक होटल में स्टोर कीपर था। बताया कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।