गोविंदपुरी स्थित गंगा घाट की ग्रिल में बृहस्पतिवार को फंसे मिले शव की शिनाख्त हो गई है। शव बिजनौर की युवती का था। युवती 21 दिसंबर को नगर कोतवाली क्षेत्र से अपनी मौसी के घर से लापता हो गई थी। कोतवाली में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार को गोविंदपुरी स्थित परशुराम घाट पर एक युवती का शव ग्रिल में फंसा हुआ मिला था। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए थे। नगर पुलिस कोतवाली पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र से लापता हुई युवती की मौसी बीना निवासी इंद्रा बस्ती औद्योगिक क्षेत्र शव मिलने की जानकारी दी। इसके बाद उसने परिजनों के साथ जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर युवती की पहचान निधि रानी (19) निवासी फिना स्वता कला बिजनौर के रूप में हुई।
बीना ने बताया कि निधि नौकरी के लिए उसके पास 27 नवंबर को आई थीं। औद्योगिक क्षेत्र स्थित लोधमंडी में एक फैक्टरी में काम करने लगी थीं। लेकिन अचानक 21 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे घर में किसी को कुछ बताए बिना चली गई। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।