कोरोना से भेल के सेवानिवृत्त कर्मचारी की मौत हो गई। मरीज को पहले भेल अस्पताल लाया गया, लेकिन कोरोना के लक्षण होने के चलते मेट्रो हॉस्पिटल भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके सैंपल की रैपिड जांच के बाद उनमें कोरोना की पुष्टि होने पर आईसीएमआर की गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार कराया गया।
भेल से सेवानिवृत्त केशव दास (74) निवासी देवनगर रावली महदूद के बीमार होने पर परिजन भेल के अस्पताल में लेकर गए। यहां कोरोना के प्राथमिक लक्षण होने के चलते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मेट्रो हॉस्पिटल लेकर पहुंचे और वहां पर भर्ती करने के दौरान उनका सैंपल लिया गया। हालांकि तबीयत खराब होने पर करीब आधे घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पीपीई किट से ढककर रख दिया गया। सुबह सैंपल की जांच रैपिड से कराई गई तो वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए। पूरे मामले की सूचना सीएमओ को दी। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आईसीएमआर की गाइडलाइन के अनुसार शव का अंतिम संस्कार कराया। सीएमओ डॉ. एसके झा ने बताया कि ऑडिट के बाद ही मरीज की मृत्यु कोरोना से पुष्ट होगी। अब उनके परिजनों को क्वारंटीन कराते हुए सभी के सैंपल लिए गए हैं।