दस फरवरी को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को देखते हुए बुधवार को हरिद्वार पुलिस ने भेल स्टेडियम से सटा जंगल खंगाला। इधर, रैली स्थल पर भी सुरक्षा को लेकर लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया। हरिद्वार पुलिस रैली की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से सतर्कता बरत रही है। एसपीजी ने पिछले कई दिन से हरिद्वार में डेरा डाला हुआ है। रैली स्थल के आसपास का पूरा इलाका पुलिस, खुफिया एजेंसियां खंगाल चुकी है। पूरे क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया जा चुका है। अस्थायी अतिक्रमण भी हटवा दिया गया है। रैली स्थल पर लगातार बम निरोधक दस्ता चेकिंग में जुटा है। शहर के होटल, धर्मशाला, लॉज भी खंगाले जा रहे है। बुधवार को हरिद्वार पुलिस ने भेल स्टेडियम से सटे जंगल का रुख किया। भेल स्टेडियम में ही प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर उतरेगा लिहाजा सुरक्षा को लेकर हर पहलू पर एक्सरसाइज हो रही है। नगर पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने बताया कि पूरे शहर में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।