धर्मनगरी में अनैतिक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं : तालियान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। रविवार की शाम बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्पा सेंटर और मसाज पार्लर में अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगाते हुए विरोध किया। एक मॉल स्थित स्पा सेंटर में पहुंचकर विरोध किया। मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दो स्पा सेंटरों का पुलिस एक्ट में चालान किया गया। बजरंग दल के जिला सह मंत्री दीपक तालियान ने कहा कि धर्मनगरी में किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से स्पा सेंटरों और मसाज पार्लरों की जांच, लाइसेंस व दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग की। जिला सह विद्यार्थी प्रमुख कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। सूचना मिलने पर एसएसआई प्रवीण बिष्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्पा सेंटर की जांच की। रजिस्टर खंगाले। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि अनियमितता मिलने पर पुलिस एक्ट में चालान किए गए। संवाद