- रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की घटना, घायलों को भर्ती कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक ऑटो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। ऑटो में सवार दो महिलाओं सहित चार लोेग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था दुरुस्त कराई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार की शाम एक ऑटो सिडकुल की तरफ से आ रहा था। ऑटो सवारियों से भरा हुआ था। चिन्यम डिग्री कॉलेज चौक के पास पहुंचते ही अचानक ऑटो से चालक का नियंत्रण खो गया और वाहन सामने पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने टीम मौके पर भेजी।
पुलिस को मौके पर हेमा निवासी गली नंबर ए-1, सुभाष नगर और पुनीत अग्रवाल (30) निवासी ऋषिकुल बेहोशी की हालत में मिले। अजय सैनी निवासी राजा गार्डन, कनखल और नेहा दुबे निवासी गली नंबर चार, टिहरी विस्थापित कॉलोनी घायल मिले। दोनों को सामान्य चोटें आई थीं। पुलिस ने 108 एंबुलेंस के जरिये घायलों को जिला मेला अस्पताल भिजवाया। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।