हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में किर्बी चौक के पास मंगलवार को ऑटो नगर पंचायत के एक ट्रैक्टर से टकरा गया। ऑटो में बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका पैर कटकर अलग हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार की दोपहर अशोक वाटिका, सलेमपुर स्थित एक कंपनी का बिना नंबर का ऑटो प्रचार-प्रसार के लिए निकला था। ऑटो को फेरूपुर निवासी मयंक पुत्र राजीव शर्मा चला रहा था। ऑटो में चालक के अलावा निशुल्क पुत्र ऋषिपाल निवासी मिस्सरपुर, रईस आलम निवासी सलेमपुर शामिल थे। ऑटो किर्बी चौक से कंपनी की ओर जा रहा था, तभी सड़क किनारे खड़े नगर पंचायत के ट्रैक्टर से जा टकराया।
हादसे में निशुल्क गंभीर रूप से घायल हो गया। पैर बाहर निकला होने के कारण कट गया। हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। युवक का उपचार चल रहा है।