ज्वालापुर क्षेत्र में ढाई साल की मासूस के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को दबोच लिया है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली ढाई साल की मासूम मंगलवार को अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान मासूम अचानक गायब हो गई। मासूम की मां ने आनन फानन में घर के बाहर मासूम को तलाशा, मगर वह नहीं मिली। इसके बाद महिला ने पड़ोसी का दरवाजा खटखटाया, कुछ देर बाद खुला। दरवाजा खुलते ही महिला हक्की बक्की हो गई। उसने देखा कि उसकी बेटी अर्द्ध नग्नावस्था में थी और अंदर मौजूद युवक उसे देखकर भागने लगा। महिला के शोर मचाने के बाद युवक को लोगों ने दबोच लिया। उधर, सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली ज्वालापुर लेकर आई। सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी का नाम लालू प्रसाद (21) पुत्र टेक पाल निवासी शाहजहांपुर यूपी है। यहां वह अपने जीजा के घर आया हुआ था। उसका जीजा औद्योगिक क्षेत्र की एक इकाई में काम करता है। मासूम के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने के दौरान आरोपी की बहन घर पर मौजूद नहीं थी। उन्होंने बताया मासूम के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।