कनखल पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने चार साल से हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी को साेनीपत हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हरिद्वार लाने के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। दो आरोपियों को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार 28 मई 2020 को जमालपुर कलां कनखल निवासी शहीद हसन ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट, हत्या की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि डेयरी के पास गुलजार, गुलनाम और मनोज ने उसके भाई को रोककर गाली गलौज करते हुए मारपीट की थी। उसके सिर पर लकड़ी के फट्टे से वार कर हत्या करने की कोशिश की थी। उसका भाई बुरी तरह घायल हो गया था। पुलिस ने गुलजार, गुलनाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी मनोज लगातार फरार चल रहा था। एसएसपी की तरफ से आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
कनखल इंस्पेक्टर भावना कैंथोला ने बताया कि एएनटीएफ व कनखल पुलिस की टीम ने आरोपी मिंटू उर्फ मनोज निवासी दोघट जिला बागपत यूपी हाल पता ग्राम कुंडली थाना कुंडली जिला सोनीपत हरियाणा को सोनीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।