हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में नशा करने से रोकने पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा बरामद कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया जबकि एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 10 जून को सचिन पुत्र सुबीर निवासी तलाई तल्ली, जिला पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी ओम शांति धाम कॉलोनी, हेतमपुर ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया विशाल समेत नौ-दस लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडों और तलवारों से लैस होकर उसके भाई, जीजा और दोस्त पर जानलेवा हमला किया था। सभी क्षेत्र में शराब और स्मैक का नशा करते थे। इस बात से मना करने पर उन्होंने दोनों लोगों पर हमला कर दिया था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। पुलिस ने एक आरोपी को शुरुआत में ही गिरफ्तार कर लिया था। अन्य फरार चल रहे हैं।
थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि खोजबीन करते हुए शनिवार रात आरोपी अभिषेक निवासी मोहल्ला जाटान बिजनौर, हाल सिद्धार्थ एन्क्लेव, हेतमपुर सिडकुल को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।