पथरी। खेत में फसल की रखवाली के लिए गए किसान को हाथी ने पटक दिया। हमले में किसान के दोनों पैरों की हड्डी टूट गई। उसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना से किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे धर्मपाल (65) निवासी पुरानी कुंडी खेत में फसल की रखवाली के लिए गया था। वहां पर पहले एक हाथी ने किसान को दौड़ा दिया और जब धर्मपाल नीचे गिर गया तो हाथी ने उसे पटक दिया। इससे उसके दोनों पैर की हड्डी टूट गई। घायल धर्मपाल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद किसान मौके पर पहुंचे और वहां से हाथी को भगाया है। घायल किसान को कनखल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां चिकित्सकों ने घायल के परिजनों को धर्मपाल के पैरों का ऑप्रेशन करने की सलाह दी है। किसानों ने वन विभाग पर हाथियों को रोकने में लापरवाही करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाथी से फसलों को बचना मुश्किल हो गया है। उन्होंने हाथियों को खेतों में आने से रोकने की मांग की है।
हरिद्वार रेंज के रेंजर शीशपाल सिंह ने बताया कि घायल धर्मपाल के परिजनों को पचास हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल घायल के परिजनों को तात्कालिक सहायता के रूप में दस हजार रुपये दिए गए हैं।