जिला मुख्यालय रोशनाबाद स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय से इलाहाबाद नजदीक है और बहादराबाद, लक्सर व खानपुर कोसों दूर। यह बात आश्चर्यजनक जरूर है, मगर खंड शिक्षा अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नजर डालें तो सोलह आने सच है। शिक्षकों के फर्जीवाड़े में दस्तावेजों की जांच रिपोर्ट इलाहाबाद से तो आ गई, पर जिले के किसी भी बीईओ दफ्तर से नहीं पहुंच पाई। दागी व संदिग्ध शिक्षकों के रसूख का आलम यह है कारण बताओ नोटिस के बावजूद बीईओ जांच के लिए तैयार नहीं हैं।
दस्तावेजों के फर्जीवाड़े में अभी तक 12 शिक्षकों को बर्खास्त किया जा चुका है, जबकि नौ शिक्षक निलंबित हो चुके हैं। संदेह के दायरे में आए 11 शिक्षकों के दस्तावेज जांच के लिए इलाहाबाद भेजे गए थे। इसी के साथ ही निलंबित शिक्षकों की जांच बहादराबाद, खानपुर व लक्सर के खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई थी। हफ्तेभर में इलाहाबाद से जांच रिपोर्ट आ गई। जिसमेें एक और शिक्षक के दस्तावेज फर्जी पाए गए और पांच को क्लीन चिट मिली। मगर बहादराबाद, खानपुर व लक्सर के खंड शिक्षा अधिकारियों ने रिपोर्ट भेजना तो दूर जांच भी शुरू नहीं की। शिक्षकों को फायदा पहुंचाने के लिए जांच में जानबूझकर देरी करने का हवाला देते हुए डीईओ बेसिक तीनों खंड शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस तक जारी कर चुके हैं, बावजूद इसके बीईओ जांच शुरू करने को राजी नहीं है। इससे यह भी पता चलता है कि फर्जीवाड़े और जांच के दायरे में आए शिक्षकों की जड़ें विभाग में कितनी गहरी हैं। जांच न करने पर बीईओ की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं फर्जीवाड़े की जांच पूरी नहीं हो पा रही है। कुल मिलाकर बहादराबाद, खानपुर व लक्सर के खंड शिक्षा अधिकारी खुद फर्जीवाड़े की जांच में रोढ़ा साबित हो रहे हैं।
शासन में की जाएगी शिकायत
कारण बताओ नोटिस जारी होने के बावजूद जांच न करने पर महकमे के भीतर ही तमाम सवाल उठ रहे हैं। बड़ा सवाल यह है कि ऐसा कौन सा कारण है जो आला अधिकारियों के आदेश निर्देशों को दरकिनार किया जा रहा है। वहीं बार बार लिखित व मौखिक निर्देशों और कारण बताओ नोटिस के बावजूद जांच न करने पर डीईओ बेसिक रामेंद्र कुशवाहा तीनों बीईओ की शासन में शिकायत करने की तैयारी में हैं।
--
निलंबित शिक्षकों की जांच बहादराबाद, लक्सर व खानपुर के खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई थी। इलाहाबाद से जांच रिपोर्ट आ चुकी है, मगर ब्लॉक से रिपोर्ट नहीं आई है। जांच में ढिलाई पर तीनों बीईओ को कारण बताओ नोटिस भी दिए गए थे। रिपोर्ट न मिलने पर प्रकरण की जांच में बाधा आ रही है।
रामेंद्र कुशवाहा, डीईओ बेसिक हरिद्वार