हरिद्वार। रोशनाबाद कचहरी में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता ने साथ काम करने वाले अधिवक्ता पर मुहर का दुरुपयोग करते हुए वकालतनामे पर फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप लगाया है। सिडकुल पुलिस ने तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी सहित प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता अमित शर्मा ने शिकायत देकर बताया कि उसकी पहचान दीपक मिश्रा निवासी दीप गंगा अपार्टमेंट सिडकुल से कोर्ट परिसर में वर्ष 2021 में हुई थी। नौकरी न होने के कारण जुलाई-23 से वकालत शुरू करने का मन बनाया। तब उसे अपने चैंबर पर बैठने के लिए कह दिया। दीपक मिश्रा ने उसके चैंबर पर बैठकर अपना वकालत का व्यवसाय करने के दौरान एक वाद जेएम प्रथम के यहां प्रस्तुत किया था।
आरोप है कि प्रार्थना पत्र के समर्थन में दिए गए शपथपत्र को जब उन्होंने तस्दीक किया तो पैरवी दीपक मिश्रा ने ही की थी। उन्होंने पैरवी भी नहीं की। आरोप है कि दीपक मिश्रा ने उसकी बिना जानकारी के ही उसकी अधिवक्ता मुहर का दुरुपयोग कर वाद में वकालतनामे पर लगाकर उस पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर वकालतनामा दाखिल कर दिया। थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।