अपनी बेटी के साथ हरिहर आश्रम पहुंचे पूर्व उपप्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी राम मंदिर के सवाल पर कुछ नहीं बोले। वह केवल अपनी पत्नी की स्मृतियों को स्मरण करते रहे और उनकी आत्मा की शांति के लिए आश्रम में आयोजित हवन में आहुति डाली।
बृहस्पतिवार शाम भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी अपनी बेटी प्रतिभा आडवाणी के साथ सिडकुल स्थित एक होटल में पहुंचे। वहां से शुक्रवार दोपहर वह कनखल स्थित हरिहर आश्रम पहुंचे और आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि से मुलाकात की। करीब आधा घंटे तक तीनों ने एकांत में मंत्रणा की। सूत्रों की मानें तो राम मंदिर निर्माण सहित हिंदुत्व को बढ़ावा देेने के लिए तीनों के बीच मंथन हुआ। उसके बाद देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी ने अपनी बेटी के साथ आश्रम में हवन किया।
भावुक हुए आडवाणी
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी अपनी पत्नी कमला आडवाणी को स्मरण करते हुए भावुक हो उठे। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बिताए 49 सालों को स्मरण करते हुए कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि आज वह उनके बीच नहीं है। उनके बिना वे किसी कार्य की कल्पना भी नहीं कर सकते।