- युवतियों के खातों में रकम ट्रांसफर होने का दावा
- युवक के पिता ने एसएसपी से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवक को प्रेमजाल में फंसाने, ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठने और विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगा है। युवक के पिता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पथरी थाना क्षेत्र के बादशाहपुर निवासी अजब सिंह ने शिकायत में बताया कि उनके बेटे की इंस्टाग्राम के माध्यम से देवबंद क्षेत्र की एक युवती से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि युवती ने उनके बेटे को अपने झांसे में लेकर मानसिक दबाव बनाया और ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की रकम हड़प ली।
युवक को लगातार झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जाती रही। शिकायतकर्ता के अनुसार, बेटे ने जब युवती से बातचीत बंद कर दी तो उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवा दिया गया। इसके बाद बेटे से पूरी घटना की जानकारी ली गई। पिता का दावा है कि बेटे के बैंक खातों की जांच करने पर अलग-अलग तारीखों में कई लाख रुपये के लेनदेन का पता चला।
आरोप है कि रकम अन्य युवतियों के बैंक खातों में भी ट्रांसफर कराई गई। अजब सिंह ने आशंका जताई कि युवती अन्य साथियों के साथ मिलकर युवकों को फंसाकर ब्लैकमेल करने का गिरोह चला रही है। उन्होंने एसएसपी से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।