ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर के आर्यनगर निवासी महिला ने अलमारी का लॉक ठीक करने के बहाने घर पहुंचे एक चाबी बनाने वाले पर करीब चार तोले सोने के जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है। करीब चार महीने बाद अब पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रानी सैनी निवासी गली नंबर दो आर्यनगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह जुलाई को उनकी गली में चांदी और चाबी बनाने वाला एक व्यक्ति घूम रहा था। उन्होंने अलमारी का लॉक ठीक कराने के लिए उसे घर के अंदर बुलाया। करीब 15 से 20 मिनट तक लॉक देखने के बाद वह कुछ सामान लाने की बात कहकर चला गया, लेकिन दोबारा वापस नहीं लौटा। व्यक्ति आर्यनगर चौक पर डुप्लीकेट चाबी बनाने का काम करता था। उन्होंने वहां जाकर उसके बारे में जानकारी जुटाई लेकिन वह नहीं मिला।
आरोप लगाया कि इसके बाद 15 जुलाई को जब उन्होंने अलमारी का लॉकर खोला तो उसमें रखी करीब चार तोले की सोने की चेन और पांच-पांच ग्राम की दो सोने की अंगूठियां गायब मिलीं। उस पर जेवर चोरी कर ले जाने का संदेह जताते हुए 16 नवंबर को ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर दी। सीओ संजय चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।