ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सब्जी मंडी के पास छह से सात लोगों पर तमंचे के बल पर एक कार चालक को अगवा कर वाहन लूटने का आरोप लगा है। आरोप है कि सभी ने खुद को एचडीबी फाइनेंसर कंपनी का रिकवरी एजेंट बताया था। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दीपक कुमार निवासी गांव रोहालकी किशनपुर बहादराबाद ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 11 अप्रैल 2026 को उनका चालक देहरादून से सवारी छोड़कर अपनी कार से पुरुषोत्तम नगर, थाना पथरी स्थित अपने गांव लौट रहा था। शाम करीब छह बजे ज्वालापुर सब्जी मंडी के पास छह से सात अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि सभी जबरन कार में घुस गए और चालक की कनपटी पर तमंचा रखकर उसे सुनसान स्थान पर ले गए। वहां चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद कार छीन ली।
आरोप है कि सभी ने धमकी दी कि वे एचडीबी फाइनेंसर कंपनी के रिकवरी एजेंट हैं। यदि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई की तो जान से मार देंगे। आरोपियों में एक व्यक्ति को दूसरे लोग विनय अरोड़ा नाम से पुकार रहे थे। इस मामले में पुलिस को शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई न होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।