बहादराबाद। क्षेत्र में स्मैक की तस्करी करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अनस निवासी लंढौरा के कब्जे से 22.59 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ है। आरोपी की मोटरसाइकिल भी सीज कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली। कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि शनिवार को पुलिस टीम सुमन नगर तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों को संदेह होने पर उसका पीछा कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 22.59 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनस निवासी लंढौरा कोतवाली मंगलौर बताया। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है।