हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 15 लाख की धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी मोहित अग्रवाल निवासी इवोनी ग्रीन अपार्टमेंट शाहपुर बम्हेटा थाना वेब सिटी गाजियाबाद यूपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पांच हजार का ईनाम घोषित था। सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, साल 2024 में राकेश कुमार ने सिडकुल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया था कि मोहित अग्रवाल व अन्य लोगों ने फोरेक्स ट्रेडिंग और सेर्मस की खरीद फरोख्त के नाम पर उसके साथ 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। साक्ष्य जुटाने के बाद टीम ने आरोपी की तलाश में दबिशें दी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी अपना ठिकाना बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार इनाम घोषित किया गया।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि इस प्रकरण में न्यायालय से आरोपी के गैर जमानती वारंट हासिल किए गए। इसके बाद फिर से धरपकड़ के लिए टीम लगाई गई। रविवार को अहम सुराग मिलने पर आरोपी मोहित अग्रवाल को थाना वेब सिटी गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया।