- कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, पूर्व पड़ोसी युवक की तलाश शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी को बहलाकर ले जाने के बाद यौन शोषण कर दिया गया। आरोप है कि पीड़िता के घर के पास में रह चुका युवक उसे अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया। किसी को कुछ बताने पर जान से मार देने की धमकी दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार की दोपहर महिला अपनी बेटी को लेकर कनखल कोतवाली पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी को पूर्व में पड़ोस में रहने वाला एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। कुछ समय बाद किशोरी वापस लौटी तो वह डरी-सहमी और बदहवास हालत में थी।
पूछताछ में किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भिजवाया। जांच में शोषण की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने रात में प्राथमिकी दर्ज कर ली। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एक टीम आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।