अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रानीपुर मोड़ पर एकत्रित होकर जेएनयू में छात्रों पर हुए हमले के विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जेएनयू में छात्रों पर हुए हमले के लिए वामपंथी छात्रों को आरोपी बताते हुए वामपंथ का पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एबीवीपी के जिला संयोजक आदित्य गौड़ ने कहा कि जेएनयू में छात्रों पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। जेएनयू में वामपंथ से जुुड़े छात्रों ने रजिस्ट्रेशन के लिए आम छात्रों पर जिस तरह से हमला किया है वह सहन नहीं किया जाएगा। नगर मंत्री करण वर्मा ने आरोप लगाया कि जेएनयू में वामपंथ से जुड़े छात्रों के हमले में एबीवीपी के करीब 25 कार्यकर्ताओं को भी मारपीट में चोटें आई हैं। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए वामपंथ से जुुड़े आरोपी छात्रों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस अवसर पर एबीवीपी के संगठन मंत्री राहुल सारस्वत, विशाल भारद्वाज, चर्चित बालियान, मोहित चौहान, तरुण चौहान, गोविंद विशनोई, मोहित जोशी, राहुल चौधरी, पुलकित राजा, अभिनव तिवारी, मेघा, शिवांशु, विमल भट्ट आदि मौजूद थे।