बहादराबाद। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर बहादराबाद में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से युवा पखवाड़ा दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य द्वार, सड़क, आसपास के खुले स्थानों और सार्वजनिक क्षेत्रों में सफाई कर कूड़ा एकत्र किया। छात्र संघ अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि युवा पखवाड़ा दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि, समाज के प्रति युवाओं की जिम्मेदारी को समझने और निभाने का अवसर है। परिषद के विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष शुभम ने कहा कि एबीवीपी सदैव राष्ट्रहित, समाजहित और छात्रहित में कार्य करती आई है। स्वच्छता अभियान इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे युवाओं में सेवा, समर्पण और अनुशासन की भावना विकसित होती है। इस मौके पर गौरव सेमवाल, विनोद बेलवाल, पीयूष मलिक, अभिषेक, विनय वर्मा, पीयूष मिश्रा, आशु आदि मौजूद रहे।