- नगर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस-एएनटीएफ ने की कार्रवाई
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। नगर कोतवाली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने एक युवक को 18 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक मायापुर में इंजेक्शन लेकर घूम रहा था। कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात पुलिस व एएनटीएफ मायापुर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सिद्ध आश्रम गली के पास एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा। इस पर पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद पन्नी से बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन आईपी के 18 इंजेक्शन बरामद हुए। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि आरोपी की पहचान निशांत गिरी (27) निवासी गुसाईं गली, भीमगोड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।