- श्यामपुर थाना क्षेत्र की घटना, रात में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई
श्यामपुर। थाना क्षेत्र में नजीबाबाद-हरिद्वार हाईवे पर मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ललकार (28) पुत्र भूतनाथ और नागेश पुत्र अशोक निवासी चंडीघाट थाना श्यामपुर अपने रिश्तेदार रुस्तम नाथ पुत्र गोपीनाथ निवासी माजा, पंजाब के साथ मोटरसाइकिल से चिड़ियापुर से चंडीघाट लौट रहे थे। गैंडीखाता के पास एक वाहन को ओवरटेक करते समय बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ललकार को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि घायल नागेश और रुस्तम का इलाज जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए हादसे के कारणों की जांच कर रही है। संवाद