- जल्द हटवाने का दिया आश्वासन
बहादराबाद। नहर पटरी मार्ग से सटे जंगल क्षेत्र में शहद उत्पादन के लिए बड़ी संख्या में रखे गए मधुमक्खी बॉक्सों से राहगीरों और स्थानीय लोगों को खतरा पैदा हो गया है। क्षेत्र में लगातार मंडराती मधुमक्खियों के कारण यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय निवासी सुरेश, हरिओम, बलदेव, विकास थापा और दिलावर ने बताया कि वे परिवार के साथ सुबह-शाम टहलने के लिए नहर पटरी का उपयोग करते हैं लेकिन हाल ही में अज्ञात लोगों द्वारा मार्ग किनारे बड़ी संख्या में मधुमक्खी बॉक्स रख दिए गए हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्थिति अधिक खतरनाक हो गई है और कई बार लोग हमले से बाल-बाल बचे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बॉक्सों को आबादी और सार्वजनिक मार्ग से दूर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण ने बताया कि मामला संज्ञान में है और संबंधित अधिकारी को निरीक्षण कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मधुमक्खी बॉक्स हटवाए जाएंगे।