- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने जेल भेजा
- आरोपी के पास से मोबाइल और 1100 रुपये भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने नशीले कैप्सूल की बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैग से 600 कैप्सूल बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले कैप्सूल कहां से लाता था और किन लोगों को बेचता था।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम एसएचओ चंद्रभान सिंह अधिकारी की अगुवाई में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सराय की ओर से एक युवक नशीले कैप्सूल लेकर ट्रांसपोर्ट नगर गेट नंबर दो के पास आने वाला है। पुलिस मौके पर पहुंची।
बैग टांगे आ रहा युवक पुलिस को देखकर गेट के अंदर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवक के बैग से तीन डिब्बों में 600 कैप्सूल बरामद हुए। इनमें 480 कैप्सूल स्पास्मोर और 120 कैप्सूल स्पासकोर-वॉन नाम के निकले।
पुलिस ने बरामद दवाओं के संबंध में औषधि निरीक्षक से संपर्क किया। औषधि निरीक्षक ने कैप्सूल के नशे के लिए इस्तेमाल होने की जानकारी दी। आरोपी की पहचान सराय निवासी शाहरुख (29) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह एक मेडिकल स्टोर से कैप्सूल खरीदता था और इन्हें नशे के आदी लोगों को बेचता था। उसने यह भी बताया कि कैप्सूल बेचकर मिलने वाले पैसों से वह अपने और परिवार का खर्च चलाता था। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 1100 रुपये भी बरामद हुए हैं। सीओ संजय चौहान ने बताया कि बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।