हरिद्वार। सिडकुल कोतवाली क्षेत्र में कोर्ट से लौटते समय महिला पर उसके पति, सास और एक परिचित ने बीच सड़क पर हमला बोल दिया। महिला का आरोप है कि गाड़ी रोककर तीनों ने गाली-गलौज की और मारपीट की। शोर सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मनीषा बिष्ट रानी गली भारतमाता पुरम भूपतवाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार सुबह वह अपने केस की पैरवी के लिए जिला कोर्ट रोशनाबाद गई थीं। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब वह कार से लौट रही थीं। तभी कोर्ट चौक के पास उसके पति नीरज बिष्ट, उसकी मां दमयंती बिष्ट निवासी बिरला फार्म, हरिपुर कलां और धीरज सिंह नेगी निवासी निर्मला सराय, ने रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर पहले गाली-गलौज की और फिर कार को धक्का देकर सड़क किनारे गिरा दिया। विरोध करने पर दमयंती बिष्ट और धीरज सिंह नेगी ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी, जबकि पति नीरज बिष्ट ने मारपीट की। शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे लोगों ने बीच-बचाव किया। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि महिला की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।