नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज के जनरल रहे शाहनवाज खान के बेटे और जिले के वरिष्ठ राजनीतिज्ञ अजमल नवाज खान उर्फ बिल्लू का बृहस्पतिवार सुबह एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सपा और कांग्रेस में रहकर राजनीति करने वाले अजमल नवाज खान के निधन से क्षेत्र में शोक छा गया। देर शाम उनकी पार्थिव देह को एथल में ही सुपुर्द ए खाक किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की। अजमल नवाज खान उर्फ बिल्लू अपने परिवार के साथ ऐथल स्थित अपने फार्म हाउस में रहते थे। वर्ष 1991 में हरिद्वार संसदीय सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उन्होंने चुनाव लड़ा था। तब उनके प्रचार में फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार भी आए थे। एक बार उन्होंने सपा के टिकट पर मेरठ से विधानसभा का चुनाव लड़ा। जबकि 2002 में लक्सर विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे। बाद में अजमल नवाज खान सपा में शामिल हो गए थे। सपा ने 2014 में हरिद्वार संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन चुनाव से पहले संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से घायल हो गए थे। तभी से वे बीमार चल रहे थे। इस समय उनकी पत्नी बेगम गुलनवाज खान ऐथल क्षेत्र से जिला पंचायत की सदस्य हैं। उनके तीन बेटे एवं एक बेटी है। अजमल नवाज खान की मौत की सूचना से जिले में शोक छा गया। देर शाम उनका शव देहरादून से ऐथल लाया गया। जहां उन्हें सुपुर्द ए खाक किया गया। पूर्व विधायक मोहम्मद शहजाद, जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक, बाल सखा सपा नेता अनिल जेतली, सलीम खान, शाहदान मसूद, काजी चांद, गुलशेर राजपूत, संजय पालीवाल, जाकिर हसन, मुफ्ती शराफत अली, रियासत अली समेत बड़ी संख्या में आमजन ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। अजमल नवाज खान की क्षेत्र में राजनीतिक से ज्यादा समाजसेवी के रूप में पहचान थी। वे लक्सर स्थित मोर्ट फोर्ट चिल्ड्रन एकेडमी के चेयरमैन भी थे। स्कूल में भी शोक प्रस्ताव पारित कर उनके निधन पर शोक जताया गया। स्कूल के निदेशक जसवीर बसेड़ा ने कहा कि वे सभी के हमदर्द थे।