बहादराबाद। अलीपुर ग्राम प्रधान से मुलाकात कर घर लौट रहे इब्राहिमपुर निवासी धर्मपाल पर बृहस्पतिवार रात अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में धर्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल में उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद घायल के पुत्र शिवम सैनी ने थाना बहादराबाद में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।