पथरी। थाना क्षेत्र के डांडी चौक पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में हुई दो युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र कुमार निवासी होजखेड़ी थाना कुतुबशेर सहारनपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 जुलाई की शाम करीब चार बजे उनका पुत्र अजय बाइक से बहादरपुर जट्ट से लक्सर की ओर जा रहा था। आरोप है कि डांडी चौक के पास सामने से आ रहे ग्राम फेरुपुर निवासी मनोज की बाइक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए अजय की बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में अजय और मनोज दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। अब रविवार को पथरी थाने पहुंचकर मामले में तहरीर दी गई। क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।