- कनखल थाना क्षेत्र की घटना, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में शनिवार रात लक्सर रोड स्थित बूढ़ी माता मंदिर के पास एक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो यूनिटों ने मौके पर पहुंचकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग में गोदाम के अंदर रखा सारा कबाड़ जलकर राख हो गया।
अग्निशमन विभाग मुताबिक, घटना की सूचना फायर स्टेशन मायापुर को रविवार देर रात करीब दो बजे मिली। सूचना मिलते ही फायर यूनिट मायापुर और बहादराबाद से टीमें रवाना की गईं। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि कबाड़ के गोदाम में आग विकराल रूप ले चुकी थी और लपटें आसमान तक उठ रही थीं। एक मोटर फायर इंजन की मदद से तुरंत पानी की बौछार शुरू की गई। आग की तीव्रता को देखते हुए फेरुपुर में दीपावली पर्व के मद्देनजर पहले से तैनात एक और फायर यूनिट को बैकअप के रूप में मौके पर बुलाया गया। दोनों यूनिटों ने संयुक्त प्रयास से आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया।
अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह ने बताया कि गोदाम में कबाड़ सामग्री रखी थी, जिससे आग तेजी से भड़क उठी। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है, प्रथम दृष्टया पटाखों की चिंगारी या आसपास से गिरे फुलझड़ी के टुकड़े से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आगजनी में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है।